एयर इंडिया के विमान में आत्मघाती हमले की आशंका से अहमदाबाद, मुंबई, कोलकाता और कोच्चि एयरपोर्ट पर हाईअलर्ट जारी किया गया है। मुंबई एयरपोर्ट को ख़ासतौर पर अगले दो दिनों के लिए एहतियात बरतने की हिदायत दी गई है।
इस अलर्ट के बाद देश के सभी एयरपोर्ट पर सुरक्षा और जांच बढ़ा दी गई है। एयरपोर्ट पहुंचने से लेकर विमान में बैठने तक बेहद सघन जांच की जा रही है। खबरों के मुताबिक एनएसजी की हाईजैकिंग टीम को भी अलर्ट किया गया है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ने आतंकी हमले की आशंका को लेकर एयरपोर्ट पर सुरक्षा के कड़े इंतेज़ाम किए। अथॉरिटी को एक धमकी भरा ख़त मिला है जिसमें देश के चार बड़े एयरपोर्ट पर आतंकी हमले की बात की गई है। ख़त को गंभीरता से लेते हुए सभी एयरपोर्ट की सुरक्षा बढ़ाई गई है और साथ ही ख़त की भी जांच की जा रही है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को धमकी भरे पत्र के अलावा दिल्ली में गृह मंत्रालय को ख़ुफ़िया जानकारी मिली है कि मुंबई, अहमदाबाद या कोच्चि के हवाई अड्डे से आतंकी एयर इंडिया की फ़्लाइट पर हमला कर सकते हैं।
ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्युरिटी के नई दिल्ली मुख्यालय को मिले पत्र के अनुसार आतंकियों के निशाने पर एयर इंडिया की अहमदाबाद-मुंबई फ़्लाइट और मुंबई-कोच्चि फ़्लाइट है। ये शनिवार सुबह उड़ान भरती हैं।
आतंकी हमले की आशंका के मद्देनजर विमान में सामान की जांच मेटल डिटेक्टर के अलावा विस्फोटकों का पता लगाने वाले स्निफ़र डॉग्स की भी मदद ली जा रही है। एंटी-हाईजैकिंग यूनिट को भी अलर्ट पर रखा गया है और किसी भी समय के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक एयर इंडिया पर आतंकी ख़तरे की आशंका के मद्देनज़र रॉ, आईबी समेत सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों की बैठक हुई है।
24 अक्टूबर 2014 - 19:36
समाचार कोड: 646568
एयर इंडिया के विमान में आत्मघाती हमले की आशंका से अहमदाबाद, मुंबई, कोलकाता और कोच्चि एयरपोर्ट पर हाईअलर्ट जारी किया गया है। मुंबई एयरपोर्ट को ख़ासतौर पर अगले दो दिनों के लिए एहतियात बरतने की हिदायत दी गई है।